पूर्व विधायक के भाई की हत्या : पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, जेल में बंद कैदी ने दी 1 लाख में सुपारी, शव बरामद तीन गिरफ्तार

रायगढ़। पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार और पंचायत सचिव जयपाल सिदार (43 वर्ष) की हत्याके मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार जेल में बंद एक कैदी ने उसकी हत्या करने के लिए 1 लाख रुपए में सुपारी दी थी। इस हत्या में अब तक तीन युवकों को गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य साजिशकर्ता पहले से ही हत्या के एक मामले में जेल में बंद है।

पुलिस के अनुसार जयपाल सिदार 7 जुलाई को अपने स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG12 BA 6453) से बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद से लापता हो गए थे। उनके परिजनों ने 8 जुलाई को थाना लैलूंगा में गुम इंसान क्रमांक 46/2025 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरुआती खोजबीन में जब कोई ठोस सुराग नहीं मिला तो पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी अनिल विश्वकर्मा, साइबर सेल और थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम गठित की। एडिशनल एसपी आकाश मरकाम व एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी भी जांच में जुड़े। पुलिस ने जयपाल सिदार की मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के साथ तफ्तीश शुरू की। इस दौरान तीन युवकों शुभम गुप्ता, कमलेश यादव और मदन गोपाल सिदार की गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुभम गुप्ता ने चौंकाने वाला खुलासा किया। शुभम ने पुलिस को बताया कि रायगढ़ फुटहामुडा निवासी शिव साहू जो हत्या के मामले में जेल में बंद है, 6 महीने पहले पेरोल पर आकर जयपाल सिदार की हत्या करने पर एक लाख रुपए देने की बात कही थी। शुभम ने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसने जून माह में अपने दो साथियों के साथ हत्या की योजना बनाई। 3 जुलाई को शिव साहू दुबारा पेरोल पर जेल से बाहर आए तो जयपाल की हत्या को लेकर बात हुई और शिव से ₹10,000 उसी दिन ले लिया।
हत्या की योजना के तहत 7 जुलाई की सुबह जयपाल सिदार को कोतबा जाने के बहाने बुलाया गया। शुभम, कमलेश और मदन गोपाल उनके साथ उसी की कार में सवार होकर जशपुर रोड की ओर निकले और रास्ते में ही चलती कर में गमछा से गले को कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में छिपाकर आरोपी कई स्थानों पर घूमे और फिर धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के सिसरिंगा घाटी में शव फेंक दिया। मोबाईल को मैनपाट के जंगल में फेंका गया और पकड़े जाने के डर से गाड़ी का नंबर प्लेट हटाकर लाखा (पूंजीपथरा) के पास सड़क किनारे खड़ी कर आरोपी फरार हो गए। साक्ष्य मिटाने की नीयत से हत्या में प्रयुक्त गमछा को भी जला दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और मृतक की शिनाख्त के बाद मामला हत्या में तब्दील कर लिया। थाना धरमजयगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 61(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
00 गिरफ्तार तीन आरोपियों के नाम
1. मदन गोपाल सिदार, पिता सन कुमार सिदार (19 वर्ष), निवासी पाकरगांव, थाना लैलूंगा, रायगढ़
2. युगल किशोर उर्फ शुभम गुप्ता, पिता वासुदेव गुप्ता (20 वर्ष), निवासी पाकरगांव, थाना लैलूंगा, रायगढ़
3. कमलेश यादव, पिता बुद्धेश्वर यादव (19 वर्ष), निवासी मथपहाड़, थाना बागबहार, जिला जशपुर
4. शिव साहू – मुख्य साजिशकर्ता, वर्तमान में हत्या के एक अन्य प्रकरण में जेल में निरुद्ध

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *