रेत जमाखोरी के खिलाफ खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 ट्रिप रेत को फिर से नदी में डाला

शिवरीनारायण। खनिज विभाग की टिम ने रेत के अवैध भंडारण पर शिवरीनारायण के आसपास बड़ी कार्रवाई की है। पहले दिन 80 हाइवा रेत को नदी में फिर से डाल दिया। विभाग को दूसरे दिन भी कार्रवाई करने जाना था लेकिन टिम नहीं गई। इसका फायदा उठाते हुए रेत माफियाओं ने 200 हाइवा से ज्यादा रेत रातोंरात बेच चुके थे। इस एक दिन की अनुपस्थिति को लेकर खनिज विभाग संदेह के दायरे में आ गया है।

नगर के रेत माफिया जिला प्रशासन पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। खनिज विभाग की कार्रवाही के बाद भी रेत माफियाओं पर पूरी तरफ अंकुश नहीं लग पा रहा है। नगर के बाईपास रोड, केरा रोड के हॉटल राघव इन के पीछे महानदी किनारे व केरा रोड में पवन फ्यूल्स के सामने इंट भट्ठे में हजारों ट्रिप रेत का अवैध भंडारण रेत माफियाओं द्वारा किया गया है। जिसे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रेत माफिया लगातार ऊंचे दामों पर बेच कर काली कमाई कर रहे हैं। नगर में रेत के अवैध भंडारण के सम्बंध में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज विभाग की टीम 27 अगस्त को रेत के अवैध भण्डारण पर कार्रवाही करने पहुँची। 27 अगस्त को पहले दिन खनिज विभाग की टीम बाई पास रोड पहुँची तो मौके पर सैकड़ो ट्रिप रेत अवैध रूप से भंडारित मिले। जिस पर कार्रवाही करते हुए खनिज विभाग ने जेसीबी व ट्रैक्टरों के माध्यम से 80 ट्रिप से ज्यादा रेत को महानदी में डिस्पोज किया गया। कार्यवाही के बाद भी मौके पर सैकड़ो ट्रिप रेत पड़ा हुआ था। 28 अगस्त को दूसरे दिन खनिज विभाग की टीम कार्रवाही करने नहीं पहुँची। जिसका फायदा उठाकर रेत माफियाओं ने 28 अगस्त की रात 200 ट्रिप से अधिक रेत को चोरी कर ऊंचे दामों पर बेच दिया। 29 अगस्त को खनिज विभाग की टीम पुनः कार्रवाही करने पहुँची तो बाईपास रोड में थोड़ी बहुत ही रेत बची हुई थी। बचे खुचे रेत को मौके पर ही जेसीबी के माध्यम से फिलिंग कराया गया। रेत माफियाओं को जिला प्रशासन का जरा भी भय नहीं है। रेत माफिया सारे नियमो को ताक पर रखकर अपने काले कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। प्रशासन भी रेत माफियाओं का कुछ नहीं बिगाड़ पा रही है। जिसके चलते रेत माफियाओं का मनोबल सातवें आसमान पर हैं। कार्रवाही के पूर्व रेत माफिया विगत दो महीनों से रेत का अवैध कारोबार कर रहें हैं। जिस पर खनिज विभाग के द्वारा कोई कार्यवाही नही की गई थी। जिसका परिणाम यह रहा कि इन दो महीनों में रेत माफियाओं ने 50 लाख से भी अधिक रुपयों की काली कमाई कर डाली। जिससे प्रशासन को रॉयल्टी के रूप में लाखों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ा है। देखने वाली बात ये होगी इतना कुछ होने के बाद जिला प्रशासन रेत माफियाओं पर क्या कार्रवाही करता है..??
00 10 से 15 हजार रुपए हाइवा मे बिक रहा
बारिश का सीजन होने के कारण रेत के दाम इन दिनों आसमान छू रहे हैं। वर्तमान समय में प्रति हाइवा रेत 15 से 20 हजार रुपए तक बिक रही है। बारिश के मौसम को देखते हुए रेत माफियाओं ने नगर के बाईपास रोड, केरा रोड स्थित हॉटल राघव इन के पीछे महानदी के किनारे व पवन फ्यूल्स के सामने इंट भट्ठे में हजारों ट्रिप रेत का अवैध भंडारण ऊंचे कीमतों पर बेचने के उद्देश्य से कर रखा है। खनिज विभाग द्वारा सिर्फ बाईपास रोड के पास भंडारित रेत पर कार्यवाही की गई। जबकि हॉटल राघव इन के पीछे महानदी किनारे व पवन फ्यूल्स के सामने इंट भट्ठे में सैकड़ो ट्रिप रेत अभी भी डंप है। जिस पर खनिज विभाग की टीम ने कोई कार्रवाही आज तक नही की है। जिन जगहों पर कार्रवाही नही हुई है उन जगहों से रेत माफियाओं द्वारा रोजाना रात को हाइवा में रेत लोड कर बेचा जा रहा है।
00 रेत माफियाओं का मनोबल क्यों बढ़ रहा ?
नगर में रेत माफियाओं का आतंक चरम पर है। खनिज विभाग द्वारा केवल अब तक खानापूर्ति के लिए अवैध तरीके से डंप रेत पर ही कार्रवाही की गई है रेत डंप करने वालों पर कोई कार्रवाई नही हुई है । ऐसा नही है कि विभाग के अधिकारियों को रेत के अवैध कारोबार में शामिल रेत माफियाओं की जानकारी नही है। जानकारी होने के बाद भी खनिज विभाग रेत माफियाओं को बचाने में लगा हुआ है। रेत माफियाओं के आतंक को देखते हुए नगर के लोगों का कहना है की यह रेत चोरी का मामला है इसलिए रेत माफियाओं पर भी रेत चोरी का मामला दर्ज कराते हुए उनके विरूध्द संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए व रेत के अवैध कारोबार एवं परिवहन में लगे वाहनों का पंजीयन निरस्त कर जब्त किया जाए ताकि रेत माफियाओं के हौसले पस्त हो सके और रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लग सके।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *