डिजिटल अरेस्ट के नाम पर महिला से 1 करोड़ की ठगी, दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, 50 लाख और मांगे तब बेटे को बताई

बिलासपुर। रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को पुलिस, ईडी, आरबीआई एवं सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का भय दिखाकर ऑनलाइन ठगी की गई थी। थाना रेंज साइबर बिलासपुर में धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार एक युवक ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी माता के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल कर स्वयं को “संजय PSI” बताने वाले व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपियों ने महिला को बताया कि उनका नाम एक आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में आया है तथा उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से महिला को कई घंटों तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। आरोपियों ने लगातार पुलिस, ईडी, आरबीआई एवं सुप्रीम कोर्ट के नाम का भय दिखाते हुए महिला पर मानसिक दबाव बनाया। यहां तक कि उन्हें धमकी दी गई कि यदि उन्होंने परिवार के किसी सदस्य से संपर्क किया तो उनके बेटे एवं अन्य परिजनों को भी मामले में फंसा दिया जाएगा।
आरोपियों ने महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट आदेश एवं आरबीआई नोटिस भेजकर विश्वास दिलाया कि उनके खिलाफ गंभीर जांच चल रही है। लगातार भय और मानसिक प्रताड़ना के कारण महिला आरोपियों के झांसे में आ गई। इसके बाद आरोपियों ने महिला को अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए बाध्य किया। अलग-अलग तिथियों में कुल 1,04,80,000/- रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद भी आरोपियों ने केस समाप्त करने के नाम पर 50 लाख रुपये और मांगने लगे। जब पीड़ित महिला ने अपने पुत्र को पूरी जानकारी दी तब मामला सामने आया और तत्काल रेंज साइबर थाना बिलासपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रकरण दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि ठगी की रकम कई लेयर बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। बैंकिंग ट्रेल एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान राज्य के चुरू जिले से 1. रूपेन्द्र सिंह पिता संपत सिंह उम्र 21 वर्ष और 2. विशाल सिंह पिता जीवराज सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान) के गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे तथा ठगी की रकम निकालकर अन्य व्यक्तियों तक पहुंचाई है। आरोपियों को इसके बदले कमीशन राशि प्राप्त हुई थी। आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज जप्त किए हैं।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है। साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक खातों एवं डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच जारी है। संपूर्ण कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी गगन कुमार के निर्देशन में रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपी :-
1. रूपेन्द्र सिंह पिता संपत सिंह उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान)
2. विशाल सिंह पिता जीवराज सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान)

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *