पेंड्रा में सराफा व्यापारी की दिन दहाड़े हत्या, तीन युवकों ने मारी गोली

जीपीएम। पेंड्रा के कोटमी बाजार में मंगलवार दोपहर तीन अज्ञात युवकों ने एक सराफा व्यापारी को गोली मारकर हत्या कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद पेंड्रा के व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को तीन युवक बाइक में सवार होकर कोटमी बाजार पहुंचे। तीनों युवक संदिग्ध तरीके से दुकान के आसपास घूम रहे थे और कुछ ही देर बाद दुकान के अंदर घुसने लगे तो सराफा व्यापारी पप्पू सोनी ने उनका विरोध किया। विरोध होते ही बदमाश बौखला गए और उन्होंने व्यापारी पर गोली चला दी। गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिर पड़े और बाजार में कोहराम मच गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उनकी जान चली गई। व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही बाजार कोटमी बाजार और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। व्यापारियों में शोक और गुस्से का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग अस्पताल तथा घटनास्थल के आसपास जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस अलर्ट जारी किया गया है ताकि आरोपी जिले से बाहर न निकल सकें। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। व्यापारिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद जिले में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *