कवर्धा। नकली नोट छापने और खपाने वाले एक गिरोह का कवर्धा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन आरोपियों को 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रिक कार भी जप्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला थाना बोडला अंतर्गत चौकी पोंडी क्षेत्र का है। ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने सतीश कुमार के माध्यम से पैसा भेजने की बात कही और दिनेश को ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया। 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे दिनेश कुमार अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। रकम की जांच करने पर नोट संदिग्ध लगे। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को दिनेश कुमार यादव ने चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो नकली नोट तैयार करने वाले नेटवर्क का खुलासा हो गया। इस पूरे मामले में रामप्रसाद उर्फ रमऊ तथा घुरवा राम के नाम सामने आए। पुलिस की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद नए बस स्टैंड के पास एक किराए का मकान लिया गया। यहां रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम मिलकर कलर प्रिंटर के जरिए नकली नोट तैयार करते थे। तैयार नकली नोटों की डिलीवरी और उन्हें खपाने का काम सतीश कुमार के साथ मिलकर किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नकली नोटों को वास्तविक मुद्रा के रूप में चलाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उधारी की रकम वापस करने के नाम पर 4.50 लाख रुपये के नकली नोट पीड़ित को दिए गए। मामले में चौकी पोंडी थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत धारा 179, 318(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से नकली नोट बनाने की प्रक्रिया और अब तक कितनी मात्रा में नकली नोट तैयार कर कहां-कहां खपाए गए, इस संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड थाना कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर थाना सिटी कोतवाली कवर्धा; और घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा थाना पिपरिया शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम द्वारा की गई।
00 आरोपियों से मिले 8 लाख रुपये के नकली नोट
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। जबकि पीड़ित को दिए गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोटों को मिलाकर कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सतीश कुमार से 2 लाख रुपये, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये और घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और एक इलेक्ट्रिक टाटा पंच कार भी जब्त की गई है।
Author Profile

Latest entries
UncategorizedSeptember 25, 2026नेशनल हाईवे में पिकअप को धान से भरी ट्रक ने मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर
बिलासपुरSeptember 25, 2026एक तरफ नगर निगम में सामान्य सभा चल रहा था तो दूसरी ओर कर्मचारी रिश्वत ले रहा था, 10 हजार लेते हुए पकड़ा गया
बिलासपुरSeptember 24, 2026फरार बांग्लादेशी को STF ने पकड़ा, रह रहा था 2007 से, बनवा लिया था जाती और निवास प्रमाण पत्र, 9वीं क्लास की अंकसूची भी बनवा लिया
बिलासपुरSeptember 23, 2026रेलवे ने कमाए 20 दिन में 3 करोड़ अतिरिक्त, 44 हजार बेटिकट यात्रा करने वालों को पकड़ा
