किसानों की समस्या को लेकर केशरवानी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, खाद – बीज के कालाबाजारी होने का लगाया आरोप

बिलासपुर। कांग्रेस नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किसानों की समस्या को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उनका आरोप है कि खेती किसानी का काम शुरू होने वाला है और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे जिले में खाद, बीज की समस्या शुरू हो गई है। समितियों में खाद, बीज नहीं है और बाजार में कालाबाजारी एवं जमाखोरी शुरू हो गई है।

गनियारी के शिविर में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि खरीफ सीजन 2026 प्रारंभ हो चुका है। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र सहित बिलासपुर जिले के किसान खरीफ फसलों की बोनी की तैयारियों में जुट गए हैं। वर्तमान समय कृषि कार्य और किसानों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसानों, किसान प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से लगातार मिल रही शिकायतों से यह साफ है कि जिले के अनेक क्षेत्रों में खाद एवं बीज की उपलब्धता को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। विशेष रूप से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अनेक सहकारी समितियों में डीएपी, यूरिया, पोटाश, सुपर फास्फेट सहित आवश्यक खाद का पर्याप्त भंडारण नहीं होने के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को खाद के लिए बार-बार समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अधिकांश समितियों में किसानों को घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद जरुरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रहा है। समितियां किसानों को उनकी मांग के अनुरुप खाद की आपूर्ति नहीं कर पा रही है। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के समान ही कमोबेश यही स्थिति जिले के सहकारी समितियों की है। केशरवानी के साथ पहुंचे किसानों ने यह शिकायत भी की है कि सहकारी समितियों में खाद की कमी का लाभ उठाकर कुछ निजी विक्रेताओं एवं बिचौलियों द्वारा कालाबाजारी की जा रही है। निर्धारत मूल्य से अधिक दाम पर बेच रहे हैं। परेशान किसान ऊंचे दाम पर खाद खरीदने के लिए मजबूर हो रहे हैं। कई स्थानों पर खाद की कृत्रिम कमी पैदा करने का खेल समितियों द्वारा खेली जा रही है। यदि समय रहते इस तरह की अराजक स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका सीधा प्रभाव खरीफ की खेती, फसल उत्पादन, किसानों की आय तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। कृषि प्रधान जिले में अन्नदाता किसानों को खाद एवं बीज जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए भटकना पड़े, यह अत्यंत चिंताजनक और शर्मनाक स्थिति है। किसानों की समस्याओं एवं कृषि कार्यों की तत्कालिक आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए हमारी इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए।
1. बेलतरा विधानसभा क्षेत्र सहित जिले की सभी सहकारी समितियों में किसानों की मांग के अनुरूप डीएपी, यूरिया, एनपीके एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त आवंटन एवं उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए।
2. जिन सहकारी समितियों में खाद का स्टॉक समाप्त हो चुका है अथवा अत्यंत सीमित है, वहां विशेष प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराई जाए।
3. खाद वितरण व्यवस्था की प्रतिदिन समीक्षा के बाद, प्रत्येक समिति में उपलब्ध स्टॉक एवं वितरण की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए।
4. कालाबाजारी, जमाखोरी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
5. कृषि विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त निगरानी टीम गठित कर जिले भर में नियमित निरीक्षण कराया जाए।
6. किसानों को बार-बार समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पर्याप्त स्टॉक, टोकन व्यवस्था एवं व्यवस्थित वितरण प्रणाली लागू की जाए।
7. खुले बाजार में खाद, बीज एवं कृषि आदानों की उपलब्धता तथा उनके मूल्य की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
8. किसानों की शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष एवं हेल्पलाइन नंबर जारी की जाए।
9. खाद संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष आपूर्ति अभियान चलाया जाए।
10. खरीफ सीजन के दौरान खाद एवं बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तरीय कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

केशरवानी ने मांग की है कि किसानों, किसान प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर शीघ्र एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को राहत मिल सके और खरीफ सीजन प्रभावित न हो। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक प्रत्याशी बेलतरा विजय केशरवानी, प्रभंजन बैसवाडे (बँटी), अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपर (ग्रामीण) धनंजय सिंह ठाकुर, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेलतरा हितेश देवांगन, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरकंडा शीतल दस महंत, ब्लॉक समनवयक अनिल यादव, कार्यकारी अध्यक्ष झगरराम सूर्यवंशी

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *