बिलासपुर। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चाकूबाज एवं गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध अभियान चलाया। सुबह तड़के चले इस अभियान में 85 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर जांच की गई। 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। 04 के कब्जे से अवैध धारदार हथियार जप्त किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अपराधियों, आदतन बदमाशों एवं चाकूबाजों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज प्रातःकाल शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस की अलग अलग टिम ने असामाजिक तत्वों के घरों में तड़के रेड कार्रवाई की गई। अभियान के तहत गठित पुलिस टीम में चाकूबाजों, निगरानी गुंडा-बदमाशों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को निशाना बनाया गया।
कार्यवाही में कुल 85 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर जांच एवं पूछताछ की गई। जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। जबकि 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान 04 व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पाए गए, जिनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई। सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों को पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, भय उत्पन्न करने, अवैध हथियार रखने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्यवाही एवं अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरAugust 5, 2026खेत में काम कर रहे भाई बहन को भालू नोचता रहा, नहीं बचा पाए ग्रामीण, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
बिलासपुरAugust 4, 202645 करोड़ के नकली नोट के लालच में सवा करोड़ के असली नोट गंवा बैठा व्यापारी, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुरAugust 3, 2026प्रमोशन और वेतन विसंगति को लेकर पटवारियों में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन, कहा – RI की सीधी भर्ती बंद हो
बिलासपुरAugust 2, 20264 युवकों ने वृद्ध और उसके परिवार को किया ब्लैकमेल, ले लिए 15 लाख रुपए और 450 सोने के गहने, अब जाएंगे जेल
